सरगुजा
सूरजपुर, 15 अप्रैल। पीएम श्री (सेजेस) विद्यालय जयनगर के कक्षा 9वीं के छात्र आरुष मृधा का चयन राष्ट्रीय स्तर की स्क्वैश प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वे अंडर-17 बॉयज़ वर्ग में देशभर के श्रेष्ठ खिलाडिय़ों के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता 16 से 22 अप्रैल तक नई दिल्ली में आयोजित होगी।
आरुष की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्य पुष्पा राय ने बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
आरुष ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के प्रोत्साहन और विद्यालय की पीटीआई सुनैना जायसवाल के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत ही उनकी सफलता की कुंजी रही है।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आरुष के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


