सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 अप्रैल। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनई जंगल में सोमवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक पिकअप चालक को रोककर मारपीट की और नगदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। हमले में चालक घायल हो गया, जिसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायकेरा निवासी समीरउल्लाह खान सीतापुर स्थित सुनीता फर्नीचर में पिकअप चालक के रूप में कार्यरत है। सोमवार को वह पिकअप में फर्नीचर लोड कर सप्लाई देने जशपुर जिले के बगीचा गया था। फर्नीचर अनलोड करने के बाद उसे 51 हजार 200 रुपए प्राप्त हुए थे, जिसे लेकर वह वापस सीतापुर लौट रहा था।
बताया गया कि रात करीब 8 बजे बेनई जंगल में हनुमान मंदिर के पास दो बाइकों में सवार चार नकाबपोश युवकों ने उसका पीछा किया। आरोपियों ने पिकअप को ओवरटेक कर वाहन रुकवाया और चालक को जबरन नीचे उतार लिया। इसके बाद चाकू की नोक पर रुपए की मांग की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू और पत्थर से हमला कर चालक को घायल कर दिया तथा उसके पास रखे 51 हजार 200 रुपए और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
घायल चालक किसी तरह सीतापुर पहुंचा और घटना की जानकारी फर्नीचर दुकान संचालक को दी। इसके बाद उसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
पुलिस ने मामले में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। चालक के अनुसार, सभी आरोपी पल्सर बाइक में सवार थे और उनकी उम्र करीब 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।


