सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,14 अप्रैल। शहर के रिंग रोड स्थित प्राचीन तालाब के अवैध समतलीकरण के मामले में नगर निगम अंबिकापुर ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर तत्काल कार्य रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ठेकेदार से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पूर्व रिंग बांध क्षेत्र में रात के समय गोपनीय तरीके से हाइवा और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा डालकर समतलीकरण का कार्य किया जा रहा था। इस मामले को कांग्रेस पार्षद शुभम जायसवाल द्वारा सामने लाया गया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। बताया जा रहा है कि रियासत कालीन इस तालाब पर लंबे समय से मलबा डालकर अतिक्रमण की कोशिश की जा रही थी, जिसमें हाल के दिनों में तेजी देखी गई थी।
मामले की जानकारी मिलते ही पार्षद शुभम जायसवाल ने कलेक्टर, तहसीलदार एवं नगर निगम आयुक्त को इसकी सूचना देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद नगर निगम ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया। निगम द्वारा जारी नोटिस से यह स्पष्ट हुआ है कि समतलीकरण के लिए ठेकेदार का आवेदन पहले ही निरस्त किया जा चुका था, इसके बावजूद अवैध रूप से कार्य जारी रखा गया।
तहसीलदार ने जारी किया कार्य रोकने का आदेश
इस मामले में तहसीलदार द्वारा 13 अप्रैल को स्थल निरीक्षण कर समतलीकरण कार्य को तत्काल रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्र में जलयुक्त स्थिति पाए जाने पर कार्य रोक दिया गया। साथ ही संबंधित पक्ष को 20 अप्रैल को उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद पार्षद शुभम जायसवाल ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


