सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 13 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा सरगुजा महिला मोर्चा द्वारा रविवार को अंबिकापुर स्थित सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला जनप्रतिनिधियों ने अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 भारत के लोकतंत्र में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में कई राजनीतिक दलों ने इस विधेयक को लाने का प्रयास किया, लेकिन उसे पूर्ण रूप से पारित कराने का साहस नहीं दिखा सके। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखा गया, जबकि वर्तमान सरकार ने उन्हें उनका अधिकार दिलाने का कार्य किया है।
सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से लोकतंत्र में महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए यह ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में आवश्यक संशोधनों के साथ यह विधेयक प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।
महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह ने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और आज महिलाएं केवल योजनाओं की लाभार्थी ही नहीं, बल्कि नीति निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि सदनों में महिलाओं की संख्या बढऩे से राजनीति में सकारात्मक बदलाव आएगा।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभांगी बिहाड़े ने भी नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर किरण मिश्रा, गीता पांडेय, नीलू गुप्ता, रेणु भारती, शालिनी सिंह, सरिता जायसवाल, सीमा कश्यप, नलिनी पांडे, अर्चना वर्मा, किरण सोनी सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


