सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 12 अप्रैल। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमगला स्थित राइस मिल के पास रविवार की दोपहर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराई, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और सीधा बिजली के खंभे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवारों को गंभीर चोटें आईं। घटना के समय पास से गुजर रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को तत्काल लखनपुर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर डायल 112 वाहन के जरिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मर्चुरी में रखवाया गया।
मृतकों की पहचान आदित्य (पिता महेश राम) और बाबूलाल (पिता भगत राम) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम अमन (पिता संतोष) बताया जा रहा है। तीनों युवक थाना दारिमा क्षेत्र के ग्राम छिंदकालों के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि वे ग्राम निम्हा से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। अपने प्रियजनों के शव को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों की आंखें नम हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि लखनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में हाल के दिनों में सडक़ दुर्घटनाओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है, जिसमें कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सडक़ सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, जैसे कि गति नियंत्रण, चेतावनी संकेत और नियमित निगरानी, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।


