सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 12 अप्रैल। सडक़ पर असुरक्षित तरीके से ट्रक खड़ा करने के कारण हुई मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत के मामले में लखनपुर पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपी की गिरफ्तारी शेष है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल की रात करीब 9.30 बजे ग्राम रजपुरीकला मेन रोड एनएच-130 पर मोटरसाइकिल सवार विनय टोप्पो (निवासी ग्राम घोघर, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर) कोरबा से अंबिकापुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान सडक़ पर बिना किसी संकेतक या चेतावनी चिन्ह के खड़े ट्रक क्रमांक सीजी/04/पीजी/1900 से उसकी मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि उक्त ट्रक को पूर्व में भी उसी स्थान पर असुरक्षित तरीके से खड़ा किया गया था, जिससे एक अन्य व्यक्ति की भी दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। इसके बावजूद वाहन स्वामी द्वारा ट्रक को वहां से नहीं हटाया गया, जिससे दोबारा यह हादसा हुआ।
मामले में पुलिस ने आरोपी रामप्रताप यादव (22 वर्ष), निवासी नीलकंठपुर थाना रामचंद्रपुर जिला बलरामपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ में घटना कारित करना स्वीकार करने पर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सम्पत पोटाई के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।


