सरगुजा
मंच संचालन की जिम्मेदारी सरगुजा के लक्ष्मी गुप्ता को
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 अप्रैल। सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘वैज्ञानिक जाति जनगणना दिवस’ के रूप में भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने महात्मा फुले के विचारों को स्मरण करते हुए सामाजिक न्याय, शिक्षा के प्रसार और वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही ‘वैज्ञानिक जाति जनगणना’ को समान अवसर और न्यायपूर्ण नीतियों के निर्माण के लिए आवश्यक बताया गया।
कार्यक्रम में देशभर से आए कार्यकर्ताओं एवं आमजन की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान वक्ताओं ने सामाजिक समता और न्याय के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
इस आयोजन की विशेष उपलब्धि यह रही कि मंच संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सरगुजा अंचल से आए वरिष्ठ कांग्रेस नेता लक्ष्मी गुप्ता को सौंपी गई। उन्होंने कुशल संचालन से पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित बनाए रखा। उनके संचालन की शैली की कई वरिष्ठ नेताओं ने सराहना की, जिसे सरगुजा अंचल के लिए गौरव का विषय बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में महात्मा फुले के विचारों को आत्मसात कर समतामूलक और प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।


