सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 11 अप्रैल। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र के रोपाखार में एक विधवा आदिवासी महिला के मकान पर प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में शनिवार सुबह ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर जाम समाप्त कराया। इस दौरान विधायक समर्थक बीडीसी और पीडि़त महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को रोपाखार में शासकीय भूमि पर कब्जे के मामले में महिला रामबाई गोंड़ (पति स्व. बीरबल) के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे तोड़ दिया गया। यह मकान खसरा नंबर 853 की भूमि पर बना हुआ था, जहां परिवार का लंबे समय से कब्जा बताया जा रहा है। महिला के पास वन अधिकार पत्र होने की बात सामने आई है, हालांकि उसमें खसरा नंबर की त्रुटि बताई जा रही है।
इस कार्रवाई के विरोध में भाजपा मंडल महामंत्री गौतम पैकरा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक प्रभावशाली व्यक्ति की शिकायत के बाद दबाव में आकर प्रशासन ने यह कार्रवाई की, जबकि क्षेत्र में अन्य अतिक्रमणकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में राम सेना और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे काराबेल हाई स्कूल के सामने नेशनल हाईवे 43 पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम राम सिंह ठाकुर ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तहसील न्यायालय में प्रकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद की गई है।
ग्रामीणों का कहना था कि महिला ने वन अधिकार पट्टे में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन किया था और बिना पूर्व सूचना दिए मकान तोड़ दिया गया। करीब चार घंटे तक समझाइश के बाद भी जब प्रदर्शनकारी नहीं हटे, तो एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने बल प्रयोग कर जाम समाप्त कराया।
पुलिस ने विधायक समर्थक बीडीसी सूर्या पैकरा और पीडि़त महिला रामबाई को हिरासत में लिया है। साथ ही बिना अनुमति नेशनल हाईवे अवरुद्ध करने के मामले में अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
घटना को लेकर विधायक समर्थकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। बताया गया है कि विधायक रामकुमार टोप्पो ने भी तत्काल कार्रवाई न करने का सुझाव दिया था, लेकिन प्रशासन द्वारा कार्रवाई जारी रखी गई।
भाजपा मंडल महामंत्री के इस्तीफे के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया भी बीती रात मैनपाट पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।


