सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 11 अप्रैल। जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने केंद्रीकृत परीक्षा 2026 के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विश्रामपुर में स्थापित मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूल्यांकन कार्य की प्रगति का जायजा लिया और उपस्थित मूल्यांकनकर्ताओं से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मूल्यांकन कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि विद्यार्थियों के परिणामों की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
जिला शिक्षा अधिकारी ने उत्तर पुस्तिकाओं के सही आकलन और निर्धारित मापदंडों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मूल्यांकन कार्य शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि आगामी दिनों में अधिकांश शिक्षकों को जनगणना प्रशिक्षण में शामिल होना है, ऐसे में मूल्यांकन कार्य को और अधिक जिम्मेदारी के साथ निरंतर जारी रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
श्री मिश्रा ने सभी मूल्यांकनकर्ताओं को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए, जिससे परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जा सकें।
इस अवसर पर मूल्यांकन केंद्र प्रभारी आशीष कुमार भट्टाचार्य, सहायक परियोजना समन्वयक सोभनाथ चौबे, व्याख्याता सुनील दत्त तिवारी, जन शिक्षक गौरी शंकर पांडे, पंकज सिंह, विजेंद्र जायसवाल, महेंद्र राजवाड़े, सुशील राजवाड़े, आदित्य यादव, नेल्सन बेक, नरेंद्र सिंह, दया सिंधु मिश्रा सहित मुख्य परीक्षकगण एवं अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।


