सरगुजा

मारपीट कर स्कूटी व मोबाइल लूट, आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार
10-Apr-2026 8:59 PM
मारपीट कर स्कूटी व मोबाइल लूट, आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 अप्रैल। थाना गांधीनगर पुलिस ने मारपीट कर स्कूटी और मोबाइल लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल उसका एक अन्य साथी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी मोटरसाइकिल चोरी के मामले में चालान हो चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अशोक टोप्पो, निवासी गोधनपुर थाना गांधीनगर ने 8 अप्रैल को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 अप्रैल की दोपहर वह गुदरी बाजार से सब्जी लेकर अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 15 सीव्ही 7728 से घर लौट रहा था। शिवधारी तालाब के पास पहुंचने पर परिचित युवक आदर्श टोप्पो एवं उसके एक साथी ने उसे आवाज देकर बुलाया और ब्रह्म रोड जाने के लिए स्कूटी मांगी। प्रार्थी द्वारा स्कूटी मालिक की होने की बात कहकर देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्का, लात और डंडे से मारपीट की तथा जबरन स्कूटी और सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल लूटकर फरार हो गए। आरोपियों द्वारा धमकी दिए जाने के कारण प्रार्थी तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका था।

मामले में थाना गांधीनगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी आदर्श टोप्पो (20 वर्ष), निवासी फुन्दुडिहारी बीचपारा को उसके घर से पकडक़र पूछताछ की, जिसमें उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पूछताछ में पता चला कि लूटी गई स्कूटी और मोबाइल उसके फरार साथी के पास हैं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।


अन्य पोस्ट