सरगुजा

अमेरा खदान गेट पर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली
10-Apr-2026 8:58 PM
अमेरा खदान गेट पर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली

ट्रक चालकों ने की कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 10 अप्रैल। लखनपुर क्षेत्र के अमेरा कोयला खदान का मुख्य गेट इन दिनों अवैध वसूली का अड्डा बनता जा रहा है। खदान में कोयला लोडिंग के लिए पहुंचने वाले भारी वाहनों से पार्किंग और एंट्री के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है। मामले में ट्रक चालकों ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार अमेरा कोयला खदान में विभिन्न कंपनियों के भारी वाहन प्रतिदिन कोयला लोडिंग के लिए पहुंचते हैं। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग मुख्य मार्ग से खदान गेट तक तीन से चार अलग-अलग स्थानों पर ट्रकों और ट्रेलरों को रोककर प्रत्येक वाहन से 100-100 रुपये की वसूली कर रहे हैं।

बिहार से आए एक ट्रक चालक ने बताया कि वसूली के बदले जो पर्ची दी जाती है, उसमें केवल पंचायत का नाम अंकित रहता है, जबकि वसूली करने वाले व्यक्ति या किसी जिम्मेदार अधिकारी का नाम दर्ज नहीं होता।

चालकों का कहना है कि यदि इस प्रकार की वसूली जारी रही तो खदान से कोयले का उठाव प्रभावित हो सकता है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में पूर्व में एसीसीएल प्रबंधन द्वारा थाने को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ट्रक चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि यदि पार्किंग शुल्क के नाम पर रुपये देने से मना किया जाता है तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और जबरन वसूली की जाती है।

इसी दौरान मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों को देखकर वसूली कर रहे कुछ लोग मौके से भाग खड़े हुए। मीडियाकर्मियों ने उनसे बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन वे वहां से गायब हो गए। मीडियाकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद ट्रक चालकों ने राहत की सांस ली।


अन्य पोस्ट