सरगुजा

भगवान झूलेलाल मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 19 से
10-Apr-2026 4:28 PM
भगवान झूलेलाल मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 19 से

 शोभायात्रा व रक्तदान शिविर होंगे आयोजित

अंबिकापुर, 10 अप्रैल। शहर की सिंधी कॉलोनी स्थित नवनिर्मित सिंधु भवन में सरगुजा संभाग के एकमात्र भगवान झूलेलाल मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा एवं मूर्ति स्थापना समारोह 19 से 23 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। समारोह में सिंधु अमरधाम आश्रम चकरभाटा के प्रमुख साईं लालदास सहित शहर के गणमान्य नागरिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंदिर में ईष्ट देव भगवान झूलेलाल साईं की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

समारोह के मुख्य यजमान समाज के अध्यक्ष अशोक नगवानी होंगे। कार्यक्रम के तहत 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे दुर्गा मंदिर गांधी चौक से भगवान झूलेलाल साईं की प्रतिमा एवं कलश की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी, जो सिंधी कॉलोनी स्थित मंदिर परिसर पहुंचेगी। 19 अप्रैल को सुबह 10 बजे से 23 अप्रैल शाम 4 बजे तक पांच ब्राह्मणों द्वारा सवा लाख मंत्र जाप किया जाएगा, जिसके पश्चात शुभ मुहूर्त में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। 23 अप्रैल की शाम 7 बजे से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला में 21 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिंधु भवन में विशाल रक्तदान शिविर एवं मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नि:शुल्क ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इसी दिन शाम 6 बजे से मंडली द्वारा सुंदरकांड का आयोजन भी किया जाएगा।

समाज के अध्यक्ष अशोक नगवानी ने समाज के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए 23 अप्रैल को अपने प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद कर सपरिवार सभी आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।


अन्य पोस्ट