सरगुजा

सीएम कार्यक्रम से पहले युवक कांग्रेस ने किया चंद्रशेखर आजाद प्रतिमा का अनावरण, सियासी विवाद तेज
09-Apr-2026 8:49 PM
सीएम कार्यक्रम से पहले युवक कांग्रेस ने किया चंद्रशेखर आजाद प्रतिमा का अनावरण, सियासी विवाद तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 अप्रैल। शहर में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के निर्धारित कार्यक्रम से पहले अनावरण किए जाने को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकल झा द्वारा देर रात प्रतिमा का अनावरण किए जाने के बाद नगर की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में महापौर मंजूषा भगत ने पुलिस को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकल झा अपने समर्थकों के साथ बुधवार देर रात करीब 12 बजे शहर के आकाशवाणी चौक पहुंचे और आधिकारिक कार्यक्रम से पहले ढंकी हुई प्रतिमा का अनावरण कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारियल फोडक़र अगरबत्ती जलाई, प्रतिमा से कवर हटाया और माल्यार्पण कर नारेबाजी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।

विकल झा ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के दिवंगत नेता रवि शंकर त्रिपाठी की प्रतिमा स्थल पर भव्य सजावट की गई, जबकि शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल की अनदेखी की गई। उन्होंने नगर निगम पर शहीदों के सम्मान में भेदभाव करने का आरोप भी लगाया।

उल्लेखनीय है कि शहर के आकाशवाणी चौक पर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित की गई है, जबकि रिंग रोड स्थित डीसी रोड चौक पर पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय रवि शंकर त्रिपाठी की प्रतिमा लगाई गई है। दोनों प्रतिमाओं का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों होना प्रस्तावित था।

महापौर मंजूषा भगत ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का आधिकारिक अनावरण शाम 4 बजे निर्धारित था और उसकी तैयारियां सुबह से शुरू की जानी थीं। घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार सुबह पुन: प्रतिमा को ढंक दिया। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

आमंत्रण पत्र में चंद्रशेखर आजाद का नाम दूसरे स्थान पर रखने पर कांग्रेस ने जताया विरोध

जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने भाजपा सरकार द्वारा प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में शहीद चंद्रशेखर आजाद का नाम दूसरे स्थान पर अंकित किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे उनकी गरिमा के विपरीत बताया है।

जारी बयान में बालकृष्ण पाठक ने कहा कि स्वर्गीय रवि शंकर त्रिपाठी की 16वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। उन्होंने कहा कि स्व. रवि शंकर त्रिपाठी अपने राजनीतिक कद के अनुरूप बड़े सम्मान के हकदार थे, किंतु यदि वे आज जीवित होते तो प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के लिए छपवाए गए आमंत्रण पत्र में शहीद चंद्रशेखर आजाद का नाम दूसरे स्थान पर लिखे जाने को स्वीकार नहीं करते।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंडित चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी देश के युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे में कार्यक्रम की रूपरेखा उनकी गरिमा के अनुरूप नहीं है, जिससे युवाओं में आक्रोश की भावना उत्पन्न हुई है।


अन्य पोस्ट