सरगुजा

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले युवा कांग्रेस नेता नजरबंद, काला झंडा दिखाने की थी तैयारी
09-Apr-2026 8:49 PM
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले युवा कांग्रेस नेता नजरबंद, काला झंडा दिखाने की थी तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 10 अप्रैल। शहर में हाल ही में हुई जघन्य घटना के विरोध में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन के दौरान काला झंडा दिखाकर विरोध दर्ज कराने की तैयारी कर रहे युवा कांग्रेस सरगुजा के नेता अतीफ रजा को प्रशासन ने बुधवार को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया। युवा कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध जताया है।

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा की गई यह कार्रवाई दर्शाती है कि सरकार और प्रशासन जनता की आवाज से डर रहे हैं और उसे दबाने का प्रयास कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि एक ओर बेटी को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है, वहीं दूसरी ओर उस आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।

नजरबंद किए गए युवा कांग्रेस नेता अतीफ रजा ने कहा कि काला झंडा दिखाना एक लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन सरकार ने इस अधिकार को भी छीनने का काम किया है, जो सीधे-सीधे लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से न तो आवाज दबेगी और न ही संघर्ष रुकेगा।

उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई न्याय की है और यह हर हाल में जारी रहेगी। वहीं युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन इसी तरह आवाज दबाने का प्रयास करता रहा, तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।


अन्य पोस्ट