सरगुजा

खड़े ट्रक की रस्सी में फंसकर बाइक सवार सीआईएसएफ जवान की मौत
08-Apr-2026 10:54 PM
खड़े ट्रक की रस्सी में फंसकर बाइक सवार सीआईएसएफ जवान की मौत

एक दिन पहले हुई दुर्घटना के बाद भी ट्रक नहीं हटाने पर ग्रामीणों में आक्रोश, एनएच पर चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 8 अप्रैल। नेशनल हाईवे-130 पर ग्राम रजपुरीकला के अमेरा कोल खदान गेट के पास खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की रस्सी में फंसकर एक बाइक सवार सीआईएसएफ जवान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उक्त ट्रक एक दिन पहले हुई दुर्घटना के बाद भी सडक़ से नहीं हटाया गया था, जिससे यह दूसरी बड़ी दुर्घटना घटित हो गई। घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।

लगातार दो दिनों में एक ही स्थान पर दो लोगों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात लगभग आधे घंटे तक प्रभावित रहा।

मिली जानकारी के अनुसार विनय टोप्पो पिता एल्विश टोप्पो, निवासी भगवानपुर अंबिकापुर, जो एनटीपीसी कोरबा में सीआईएसएफ में पदस्थ थे, अपनी स्प्लेंडर बाइक (क्रमांक सीजी 07 बीटी 6990) से कोरबा से अपने घर अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम रजपुरीकला स्थित अमेरा कोल खदान गेट के पास सडक़ किनारे खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की बंधी रस्सी में उनकी बाइक फंस गई, जिससे वे अनियंत्रित होकर सडक़ पर गिर पड़े।

दुर्घटना में उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अंबिकापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।

उल्लेखनीय है कि रजपुरीकला क्षेत्र इन दिनों लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण हादसों का प्रमुख स्थल बनता जा रहा है। बीते दो दिनों में एक ही स्थान पर दो लोगों की मौत हो चुकी है।

ट्रक नहीं हटाने पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने इस घटना को पुलिस की लापरवाही का परिणाम बताया है। उनका कहना है कि एक दिन पूर्व हुई दुर्घटना के बाद भी दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को नेशनल हाईवे से नहीं हटाया गया था और 24 घंटे से अधिक समय तक ट्रक वहीं खड़ा रहा, जिससे यह दूसरी दुर्घटना हुई।

ग्रामीणों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने नेशनल हाईवे-130 स्थित रजपुरीकला अमेरा खदान जाने वाले चौराहे पर स्पीड ब्रेकर एवं सांकेतिक बोर्ड लगाए जाने की मांग की। साथ ही लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए नियमित वाहन चेकिंग कराने की भी मांग की गई। एसडीओपी द्वारा मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

आधे घंटे तक लगा रहा चक्काजाम

 दो दिनों में एक ही स्थान पर दो लोगों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात लगभग आधे घंटे तक प्रभावित रहा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया।


अन्य पोस्ट