सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लुंड्रा, 8 अप्रैल। लुंड्रा क्षेत्र के ग्राम पंचायत असकला में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पास स्थित पानी टंकी में बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक झुंड निकलकर लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में कई ग्रामीण एवं दुकानदार घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों ने जान बचाने के लिए पास की मड़ई में शरण ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार साप्ताहिक बाजार के दौरान अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां लोगों पर टूट पड़ीं। हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे और कई लोगों ने खुद को छिपाकर किसी तरह जान बचाई। मधुमक्खियों के हमले के कारण कुछ समय के लिए बाजार में भगदड़ जैसे हालात बन गए, जिससे व्यापार भी प्रभावित हुआ।
बताया जा रहा है कि बाजार के पास स्थित पानी टंकी में लंबे समय से मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता बना हुआ है। इसके कारण पूर्व में भी कई बार बाजार के दौरान मधुमक्खियों द्वारा हमला किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसमें लोग घायल हुए हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पानी टंकी में बने मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बाजार में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


