सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 अप्रैल। सरगुजिया विद्युत ठेकेदार संघ, अंबिकापुर क्षेत्र के पंजीकृत ठेकेदारों ने विभागीय कार्यों में आ रही विभिन्न जटिल समस्याओं को लेकर मुख्य अभियंता, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित (अंबिकापुर क्षेत्र) को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है।
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान टेंडर व्यवस्था के कारण कार्य निष्पादन प्रभावित हो रहा है। इससे न केवल ठेकेदारों की आजीविका प्रभावित हो रही है, बल्कि उनसे जुड़े श्रमिकों के रोजगार पर भी संकट उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्तमान में नए सेवा कनेक्शन, विस्तार एवं स्थानांतरण जैसे कार्यों को 21 लाख रुपये की उच्च राशि वाले टेंडर में शामिल किया जा रहा है, जिससे छोटे एवं मध्यम श्रेणी के ठेकेदारों के लिए कार्य प्राप्त करना कठिन हो गया है। वहीं पूर्व में कृषि पंप संबंधी निविदाएं कार्यपालन अभियंता (परियोजना) एवं अधीक्षण अभियंता स्तर पर जारी की जाती थीं, जिससे स्थानीय ठेकेदारों को पर्याप्त अवसर मिलते थे और कार्य समय पर पूर्ण हो पाते थे, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में यह प्रक्रिया सीमित हो गई है।
ठेकेदारों ने यह भी बताया कि नवीन आदेश के तहत 5 लाख एवं 20 लाख रुपये की सीमा निर्धारित किए जाने से पंजीकृत ठेकेदारों के कार्यक्षेत्र में कमी आई है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही अधीक्षण अभियंता (परियोजना) का कार्यालय क्षेत्रीय स्तर पर स्थापित नहीं होने से कार्य संचालन एवं समन्वय में भी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि 21 लाख रुपये की निविदाओं को छोटे-छोटे पैकेजों में विभाजित किया जाए, विशेषकर सरगुजा जैसे पिछड़े क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए। साथ ही वैश्विक पैकेज निविदा प्रणाली को समाप्त कर ‘स्थानीय के लिए स्थानीय’ के सिद्धांत के आधार पर स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता देने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त अंबिकापुर क्षेत्र में अधीक्षण अभियंता (परियोजना) का पृथक कार्यालय स्थापित करने की भी मांग की गई है।
संघ ने विश्वास जताया कि विभाग द्वारा उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे स्थानीय ठेकेदारों एवं श्रमिकों को राहत मिल सके।
इस दौरान संघ के संरक्षक विजय सोनी, संजीव मंदिलवार, रवि खरे, पीएन गुप्ता, सूर्यनाथ तिवारी, रामू सोनी, अभय सिंह, विनय शुक्ला, निमेश सोनी, रोहित सोनी, अमन पांडे, विकास जयसवाल, हिमांशु सिंह, अभय सोनी, मोनू पांडे, राहुल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


