सरगुजा

ग्राम सडक़ों से कोयला परिवहन का विरोध तेज, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
08-Apr-2026 10:51 PM
ग्राम सडक़ों से कोयला परिवहन का विरोध तेज, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

एसडीएम के नाम  सौंपा ज्ञापन, वैकल्पिक मार्ग निर्माण की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 8 अप्रैल। लखनपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपरखार-लहपटरा में मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित सडक़ों से कोयला परिवहन कराए जाने के प्रयास का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कड़ा विरोध किया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह देव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लखनपुर तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

ब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंह देव ने कहा कि संबंधित ग्राम सडक़ों की क्षमता मात्र 10 टन है, जबकि इन मार्गों से 30 से 35 टन क्षमता वाले भारी वाहनों से कोयला परिवहन कराने की कोशिश की जा रही है। इससे सडक़ों के क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

उन्होंने बताया कि एसईसीएल द्वारा प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का निर्माण अब तक अधूरा है। इसके कारण ग्रामीणों को लगातार धूल और प्रदूषण की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने ग्राम सडक़ों से कोयला परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, वैकल्पिक मार्ग का शीघ्र निर्माण कराने, ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने तथा ग्रामीणों को प्रदूषण से राहत दिलाने की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जन आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कृपा शंकर गुप्ता, वीरेन्द्र सिंह देव, सतेंद्र राय, इरशाद खान, रामसूजन द्विवेदी, पिपरखार बीडीसी प्रतिनिधि मोहर लाल, पिपरखार सरपंच सियाबर, जगरोपण यादव, अजर चौधरी, उत्कर्ष पाण्डेय, बृजेश राजवाड़े, भुनेश्वर यादव, रामप्रकाश राजवाड़े, घर भरन, जगन्नाथ, घोलडु राम एवं राजेश प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट