सरगुजा

आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर युवा कांग्रेस का विरोध, सीएम को काला झंडा दिखाने की चेतावनी
08-Apr-2026 10:50 PM
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर युवा कांग्रेस का विरोध, सीएम को काला झंडा दिखाने की चेतावनी

महिला हत्याकांड को लेकर आज शांतिपूर्ण प्रदर्शन की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 अप्रैल। अंबिकापुर में हाल ही में हुई महिला से दरिंदगी के बाद निर्मम हत्या की घटना को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।

युवा कांग्रेस नेता अतीफ रजा के नेतृत्व में 9 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के सरगुजा आगमन के दौरान काला झंडा दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में अतीफ रजा ने कहा कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और वह सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, इसके बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं होना अत्यंत चिंताजनक है। इससे आम जनता में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध, विशेषकर महिलाओं के खिलाफ हो रही घटनाएं, यह दर्शाती हैं कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं, स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

युवा कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने, दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने तथा पीडि़ता के परिवार को उचित मुआवजा एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

युवा कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि यह विरोध प्रदर्शन पूर्णत: शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा, जिसका उद्देश्य शासन-प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मामले की ओर आकर्षित करना और पीडि़ता को शीघ्र न्याय दिलाना है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि पीडि़ता को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट