सरगुजा
उत्तेजित लोगों ने ट्रक में की तोडफ़ोड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 7 अप्रैल। अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 स्थित राजपुरी कला में सोमवार रात एक तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे ग्राम अंधला निवासी अरुण सिंह पिता परशुराम सिंह, लखनपुर की ओर से अंबिकापुर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान नेशनल हाईवे-130 के राजपुरी कला के पास सडक़ किनारे खड़े एक ट्रक से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर लखनपुर के मर्चुरी में रखवाया। मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक बिना इंडिकेटर लाइट जलाए ट्रक को सडक़ किनारे लगा रहा था। इसी दौरान ट्रक के अचानक मुडऩे से बाइक सवार कुछ समझ नहीं पाया और उसकी बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने ट्रक में तोडफ़ोड़ करते हुए उसके शीशे समेत अन्य हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


