सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 अप्रैल। सरगुजा पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस से जारी जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली, जिला सरगुजा के अपराध क्रमांक 217/2026, धारा 64(2) एवं 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज हत्या के प्रकरण में संदेही आरोपी घटना दिनांक से फरार है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार पतासाजी की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
आरोपी का हुलिया सांवला रंग, लगभग 5 फीट 4 इंच लंबाई, घुंघराले लंबे बाल, पतला शरीर, काली दाढ़ी-मूंछ बताया गया है। घटना के समय वह हल्के गुलाबी रंग की शर्ट, नीली जींस पहने हुए था। सिर पर नीले रंग का गमछा बंधा था तथा पीठ पर एक झोला लटकाए हुए था।
राजेश कुमार अग्रवाल, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा द्वारा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस रेग्युलेशन के प्रावधानों के तहत घोषणा की गई है कि जो भी व्यक्ति आरोपी के संबंध में ऐसी सूचना देगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे 5,000 रुपये की इनाम राशि प्रदान की जाएगी। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा (मो. 94791-93501), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (94791-93502), नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर (94791-93503), पुलिस कंट्रोल रूम (94791-93599) अथवा थाना कोतवाली अंबिकापुर (9479193508) पर तत्काल संपर्क करें।