सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 अप्रैल। निजी स्कूलों की मनमानी और पालकों पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने धरना देकर नारेबाजी की और निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान अभाविप पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के कई निजी स्कूल प्रबंधन पालकों पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। उनका कहना था कि पालकों को किताबें, कॉपियां और यूनिफॉर्म केवल स्कूल द्वारा निर्धारित दुकानों से ही खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है। इसके अलावा नियमों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से फीस में बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे पालकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विभाग को प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में भी शिकायत मिलने पर कई स्कूलों पर कार्रवाई की जा चुकी है और आगे भी दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के उपरांत अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक नहीं लगाई गई, तो संगठन द्वारा आगामी दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।


