सरगुजा

हमाली भुगतान में अनियमितता के आरोप, कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत
07-Apr-2026 11:52 PM
हमाली भुगतान में अनियमितता के आरोप, कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 7 अप्रैल। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम अमलभिट्टी स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधन के खिलाफ ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में समिति के प्रबंधक पर हमाली (मजदूरी) भुगतान में अनियमितता और किसानों के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, प्रबंधक पर आरोप है कि वे नशे की हालत में किसानों से अनुचित व्यवहार करते हैं और शिकायत करने पर आपत्तिजनक बातें कहते हैं। साथ ही, हमाली भुगतान से संबंधित राशि के उपयोग में गड़बड़ी किए जाने की भी बात कही गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी जनदर्शन में शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्राम तुरना निवासी किसान सुखलाल राजवाड़े ने भी कलेक्टर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।


अन्य पोस्ट