सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 7 अप्रैल। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंधला में सोमवार देर रात घर लौट रहे बाइक सवार दंपति पर चार अज्ञात हमलावरों ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमलावरों ने डंडों और लोहे की रॉड से दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला की रायपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि पति का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सरगुजा जिला के ग्राम अंधला निवासी कपिल दास (40) सोमवार शाम अपनी पत्नी निर्मला दास (38) के साथ बाइक से बगदरी गए थे। देर रात दोनों अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अंधला के माझापारा में पहले से घात लगाए चार लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने कपिल दास पर डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया। पति को बचाने के प्रयास में बीच-बचाव करने पहुंची निर्मला दास को भी हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले के बाद दोनों घायल मौके पर ही बेहोश हो गए, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास के ग्रामीणों की मदद से दोनों को गंभीर हालत में लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद निर्मला दास की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया, जबकि कपिल दास को अंबिकापुर भेजा गया।
परिजन निर्मला दास को रायपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इधर कपिल दास का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे होश में आने पर कपिल दास ने पुलिस को चार अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला किए जाने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार घटना के पीछे लूटपाट या पुरानी रंजिश की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।


