सरगुजा
संध्या ने कोरोनाकाल के अनुभवों को किया साझा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 अप्रैल। कोरोना महामारी के दौरान चिकित्सा सेवा, समर्पण और शोध आधारित उपचार के अनुभवों पर आधारित पुस्तक ‘कोरोना से मुकाबला: मात्र उपचार नहीं, एक शोध’ का विमोचन समारोहपूर्वक किया गया। पुस्तक की लेखिका जीवन ज्योति अस्पताल की मैनेजिंग डायरेक्टर संध्या सिंह हैं, जिन्होंने कोरोना काल के संघर्ष, अनुभव और चिकित्सा प्रयासों को पुस्तक में विस्तार से प्रस्तुत किया है।
संध्या सिंह ने बताया कि यह पुस्तक एक चिकित्सक की मानवीय संवेदनाओं, अथक परिश्रम और जीवन रक्षा के दृढ़ संकल्प की सच्ची गाथा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब पूरे देश में भय का माहौल था, तब सरगुजा क्षेत्र में भी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां बनी हुई थीं। ऐसे समय में जीवन ज्योति अस्पताल ने अग्रिम तैयारी और प्रभावी नेतृत्व के साथ मरीजों की सेवा की जिम्मेदारी निभाई।
पुस्तक में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे. के. सिंह के कार्यों, उनके शोधपरक दृष्टिकोण और मरीजों के प्रति समर्पण को प्रमुखता से दर्शाया गया है। पिछले लगभग 40 वर्षों से चिकित्सा सेवा दे रहे डॉ. सिंह ने कोरोना काल में देश-विदेश में हो रहे शोधों का अध्ययन कर उपचार की नई रणनीतियां तैयार कीं। उन्होंने मरीजों की बीमारी के मूल कारण को समझने पर विशेष ध्यान दिया तथा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को कई बार नि:शुल्क सुविधा भी उपलब्ध कराई।
इस दौरान उनके पुत्र डॉ. आकाश सिंह ने पैथोलॉजी सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वहीं पुत्रवधू डॉ. स्नेहा सिंह ने भी चिकित्सा कार्यों में सक्रिय सहयोग दिया। अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी, सफाई कर्मचारी, पैथोलॉजी टीम एवं अन्य सहयोगियों ने भी टीमवर्क के साथ इस चुनौती का सामना किया।
पुस्तक में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री टी. एस. सिंहदेव, रामविचार नेताम सहित कई जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के संदेश भी शामिल किए गए हैं। लेखिका ने सभी सहयोगियों और शुभेच्छुओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। संध्या सिंह ने यह पुस्तक डॉ. जे. के. सिंह को उनके 69वें जन्मदिवस के अवसर पर समर्पित करते हुए उनके दीर्घायु जीवन की कामना की है।
आयोजन के दौरान जीवन ज्योति अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. जे. के. सिंह ने कोरोना काल के अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अमर सिंह ठाकुर, डॉ. अनूप वर्मा, डॉ. विजय पंजवानी, नेता प्रतिपक्ष साफी अहमद, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, बबन जी पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रकाश कश्यप ने किया।


