सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 अप्रैल। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सडक़ हादसे के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश दूसरे दिन भी थमता नजर नहीं आया। सोमवार को जोगीबांध में गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब चार घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम जोगीबांध निवासी कुछ महिलाएं भिट्टीकला बाजार से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने उन्हें कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकडक़र उसकी पिटाई कर दी थी। रविवार रात को ही ग्रामीणों ने मृतकों के शव सडक़ पर रखकर चक्काजाम कर दिया था, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक तीन से चार किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद उस समय स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था।
हालांकि सोमवार को एक बार फिर बड़ी संख्या में ग्रामीण जोगीबांध मुख्य मार्ग पर एकत्रित हुए और मुआवजे की मांग को लेकर दोबारा चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को प्रति परिवार 5 लाख रुपये मुआवजा देने, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये पीडि़त परिवारों को प्रदान किए गए, लेकिन ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हुए। वे अपनी मांगों को लिखित रूप में पूरा कराने और सरगुजा कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
करीब चार घंटे तक चले चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। अंतत: प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई और मांगों पर विचार करने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।