सरगुजा

ध्वजारोहण, स्वच्छता और सम्मान कार्यक्रम के साथ मनाया भाजपा स्थापना दिवस, संगठन मजबूती का संकल्प
06-Apr-2026 9:03 PM
ध्वजारोहण, स्वच्छता और सम्मान कार्यक्रम के साथ मनाया भाजपा स्थापना दिवस, संगठन मजबूती का संकल्प

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर संकल्प भवन जिला कार्यालय में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया एवं महापौर मंजूषा भगत की गरिमामयी उपस्थिति में भाजपा ध्वज फहराकर की गई।

कार्यक्रम के प्रारंभ में हीं कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल चौक पहुँचे, जहाँ उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा की साफ-सफाई कर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके विचारों को नमन किया। कार्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा महिला कार्यकर्ताओं द्वारा सुंदर रंगोली बनाई गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर हर्षोल्लास के साथ स्थापना दिवस मनाया।

कार्यालय में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना केवल एक राजनीतिक दल के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प के रूप में हुई थी। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी , अटल बिहारी बाजपेयी और पार्टी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले महा पुरुषों के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि पार्टी आज उन्हीं विचारों पर चलते हुए देश को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जा रही है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुँचाने का आह्वान किया।

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य सेवा, सुशासन और विकास है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं, जिनके समर्पण से संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है।

नगर निगम अध्यक्ष हरमिंदर सिंह टिन्नी ने कहा कि भाजपा का इतिहास संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रभक्ति से भरा हुआ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और विकास के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पार्षद एवं एमआईसी सदस्य मनीष सिंह तथा वरिष्ठ भाजपा नेत्री सावित्री जायसवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अरुणा सिंह ने किया एवं जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पदाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट