सरगुजा

ईस्टर पर चर्चों में विशेष प्रार्थना, मध्य रात्रि में गूंजी घंटियां और आतिशबाजी से मनी खुशियां
05-Apr-2026 8:24 PM
ईस्टर पर चर्चों में विशेष प्रार्थना, मध्य रात्रि में गूंजी घंटियां और आतिशबाजी से मनी खुशियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 5 अप्रैल। प्रभु यीशु के मृत्यु पर विजय के पर्व ईस्टर के अवसर पर शहर के चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। नवापारा स्थित बेदाग इश्माता महा गिरिजाघर में शनिवार रात 10 बजे से शुरू हुआ पास्का जागरण देर रात तक श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।

ज्ञात हो कि ईस्टर प्रभु यीशु मसीह के सूली पर चढ़ाए जाने के तीसरे दिन जी उठने (पुनरुत्थान) का पावन पर्व है, जो मृत्यु पर जीवन, अंधकार पर प्रकाश और पाप पर पवित्रता की विजय का प्रतीक है।

सरगुजा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा ने अपने संदेश में कहा कि पास्का जागरण अंधकार पर प्रकाश, मृत्यु पर जीवन और बुराई पर ईश्वर की विजय का प्रतीक है। उन्होंने वर्तमान में येरूसलम की स्थिति पर चिंता जताते हुए शांति की कामना की।

धार्मिक अनुष्ठान बिशप के नेतृत्व में फादर जार्ज ग्रे कुजूर एवं फादर ज्ञान द्वारा सम्पन्न कराया गया। इस दौरान पवित्र बाइबिल के आठ पाठों का वाचन किया गया तथा पास्का मोमबत्ती से श्रद्धालुओं ने अपनी मोमबत्तियां प्रज्ज्वलित कीं।

कार्यक्रम में पारिस युवा संघ द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। मध्यरात्रि में चर्च की घंटियां बजते ही काथलिक युवा मंच के युवाओं ने आतिशबाजी कर उत्सव की खुशी जाहिर की। इस अवसर पर विधायक प्रबोध मिंज सहित बड़ी संख्या में फादर, सिस्टर्स एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट