सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 अप्रैल। अंबिकापुर शहर में नकली सोने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का एक और मामला सामने आया है। निगम कर्मी से 45 लाख की ठगी के बाद अब इसी गिरोह द्वारा एक व्यवसायी से 21 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने का खुलासा हुआ है। मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खरसिया नाका निवासी व्यवसायी आनंद गर्ग के घर वर्षों से घी बेचने आने वाली एक महिला, जो खुद को ‘रानी मां’ बताती थी, 31 जनवरी को अपनी साथी मंजू राठौर के साथ पहुंची। दोनों ने आधा किलो सोना होने का दावा करते हुए एक टुकड़ा दिखाया और उसे बेचने के लिए 21 लाख रुपए की मांग की।
महिलाओं की बातों में आकर व्यवसायी ने 21 लाख 5 हजार 300 रुपए उन्हें दे दिए और सोने का टुकड़ा अपने पास रख लिया। बाद में जब निगम के आरआई से ठगी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर सामने आई, तब व्यवसायी को शक हुआ। जांच कराने पर सोना नकली निकला।
इसके बाद व्यवसायी के पुत्र ओम गर्ग ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों महिलाओं—सुनीता गुजराती और मंजू राठौर—के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी पहले से ही एक अन्य ठगी प्रकरण में जेल में बंद हैं।