सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 अप्रैल। सरगुजा जिला के थाना धौरपुर क्षेत्र में फार्म हाउस में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, तोडफ़ोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रोहितेश्वर प्रताप सिंह ने 4 अप्रैल को थाना धौरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल को वे अपनी कार से ग्राम धौरपुर से ककनी स्थित फार्म हाउस जा रहे थे। रास्ते में चिलम नाला के पास एक ऑटो को ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मामला बढ़ गया।
प्रार्थी के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपी कादिर खान अपने साथियों मोहम्मद खान, हयात खान, अल्ताफ खान और फरहान खान के साथ फार्म हाउस पहुंचा। सभी ने एक राय होकर वहां घुसकर गाली-गलौज की और प्रार्थी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों को भी धमकाया गया।
आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने प्रार्थी की कार में पत्थर व डंडों से हमला कर नुकसान पहुंचाया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस हमले में प्रार्थी के हाथ में चोट आई, जिसे डॉक्टर द्वारा सामान्य चोट बताया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के दौरान उन्हें हिरासत में लिया। इस दौरान आरोपियों द्वारा पुलिस टीम से भी विवाद करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पेचकस और डंडा भी जब्त किया है।
मामले की विवेचना जारी है। पुलिस ने न्यायालय से आरोपियों को 13 अप्रैल तक न्यायिक रिमांड पर भेजने का अनुरोध किया है।