सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 अप्रैल। शहर के सद्भावना चौक रिंग रोड स्थित टीटीएस फे्रश फिश कंपनी के परिसर में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल को कोतवाली थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि एक महिला का शव झाला में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली थाना, साइबर सेल सहित चार विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका की पहचान कर ली, जिसकी पुष्टि परिजनों ने भी की। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें मृतिका एक व्यक्ति के साथ जाती हुई नजर आई।
जांच में उक्त व्यक्ति की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। परिजनों ने भी संदेही की पहचान की पुष्टि की है, जो मृतिका के संपर्क में रहता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की अपील
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए थाना कोतवाली (9479193508) एवं कंट्रोल रूम अंबिकापुर (9479193599) के नंबर जारी किए गए हैं।