सरगुजा

महंगाई व पेट्रोलियम संकट पर कांग्रेस का हमला, मोदी सरकार पर कुप्रबंधन के आरोप
02-Apr-2026 10:13 PM
महंगाई व पेट्रोलियम संकट पर कांग्रेस का हमला, मोदी सरकार पर कुप्रबंधन के आरोप

उद्योगपतियों को लाभ और आम जनता पर बोझ डालने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 अप्रैल। बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों की कथित किल्लत को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने गुरुवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर केंद्र की मोदी सरकार पर कूटनीतिक विफलता और आर्थिक कुप्रबंधन के गंभीर आरोप लगाए। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस प्रेसवार्ता में आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार ने सस्ते कच्चे तेल की खरीद के बावजूद उसका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंचाया, जबकि उद्योगपतियों को इसका फायदा मिला। नेताओं ने कहा कि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते बढ़ी कीमतों का बोझ आम जनता पर डाला जा रहा है, जिससे पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़े हैं और खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी वृद्धि हुई है।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की विदेश नीति के कारण देश में पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत उत्पन्न हो गई है। रूस और ईरान जैसे देशों से संबंध कमजोर होने तथा अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर सरकार की चुप्पी से स्थिति और बिगड़ी है। इसके चलते गैस की कमी, कालाबाजारी और औद्योगिक गतिविधियों पर असर पडऩे की बात कही गई।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं से ध्यान हटाकर चुनावी गतिविधियों में व्यस्त है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव ने गैस आपूर्ति के आंकड़ों का हवाला देते हुए केंद्र की नीतियों पर सवाल उठाए।

प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि आर्थिक नीतियों के चलते भारतीय मुद्रा में गिरावट आई है और रुपये की स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने इसे सरकार की नीतिगत विफलता का परिणाम बताया। प्रेसवार्ता में मो. इस्लाम, संजय विश्वकर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत विशाल जायसवाल, दुर्गेश गुप्ता, अनूप मेहता, आलोक सिंह, नरेंद्र विश्वकर्मा, विकल झा, आशीष जायसवाल, अविनाश कुमार और अमित सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट