सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 अप्रैल। अंबिकापुर को हवाई सेवाओं के विस्तार में बड़ी सौगात मिली है। एलायंस एयर ने अंबिकापुर से कोलकाता के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू कर दी है। पहले दिन अंबिकापुर से कोलकाता के लिए केवल तीन यात्रियों ने उड़ान भरी। फ्लाइट सप्ताह में दो दिन गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।
गुरुवार को पहली उड़ान बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंची और वहां से कोलकाता के लिए रवाना हुई। हालांकि पहले दिन अंबिकापुर से कोलकाता जाने वाली इस उड़ान में केवल तीन यात्री ही सवार हुए। शनिवार को यह सेवा अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए कोलकाता तक संचालित की जाएगी।
इससे पहले इसी सप्ताह अंबिकापुर से नई दिल्ली के लिए भी हवाई सेवा शुरू की गई है। एयरलाइन 72 सीटों वाले विमान का संचालन कर रही है। अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट गुरुवार सुबह 10.25 बजे रवाना हुई।
दो बड़े शहरों से जुड़ा अंबिकापुर
एलायंस एयर ने अपने विंटर शेड्यूल में अंबिकापुर को दिल्ली और कोलकाता से जोड़ते हुए हवाई सेवाएं शुरू की हैं। अंबिकापुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट का वर्चुअल शुभारंभ 30 मार्च को किया गया था। दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट से पहली उड़ान दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।
दिल्ली के लिए यह सेवा सप्ताह में सोमवार और बुधवार को उपलब्ध है, जिसका किराया लगभग 6,500 रुपये तय किया गया है। वहीं कोलकाता के लिए बेस किराया करीब 6,000 रुपये रखा गया है।
नई रूट की भी तैयारी
अंबिकापुर से हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम उठाते हुए रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी रूट शुरू करने की मांग भी की गई है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा एयरलाइंस कंपनियों से चर्चा की जा रही है।हालांकि इस प्रस्तावित रूट को अभी विंटर शेड्यूल में शामिल नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई जा रही है।