सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 अप्रैल। सरगुजा जिले में मेडिकल दुकान की आड़ में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए गांधीनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि फुन्दुरडिहारी स्थित सिद्धी विनायक मेडिकल स्टोर का संचालक संदीप कुमार चौहान नशीली दवाओं का अवैध व्यापार कर रहा है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने नशीले कफ सिरप और इंजेक्शन की बिक्री करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम मेडिकल स्टोर के पास पहुंची, जहां खड़ी उसकी स्विफ्ट कार की तलाशी लेने पर डिक्की से 95 कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से नशीली दवाओं के खाली रैपर और शीशियां भी जब्त की गईं।
जांच में सामने आया कि आरोपी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में गांधीनगर थाना पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।