सरगुजा

भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग, मंत्री राजेश अग्रवाल हुए शामिल
01-Apr-2026 10:43 PM
भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग, मंत्री राजेश अग्रवाल हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 1 अप्रैल। नगर के सर्व मांगलिक भवन में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में पं. दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लेकर संगठनात्मक एवं वैचारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे। अतिथियों ने भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

उद्घाटन सत्र में भरत सिंह सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती एवं पार्टी की विचारधारा पर प्रकाश डाला। वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरकार की योजनाओं और संगठन की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। अतिथियों का स्वागत मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी सहित पदाधिकारियों द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों में ललन प्रताप सिंह, अंबिकेश केसरी, फुलेश्वरी सिंह, नितेश सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति, सिद्धांत एवं संगठनात्मक कार्यप्रणाली से अवगत कराया। दूसरे दिन के सत्रों में धनंजय द्विवेदी, मनोज गुप्ता और राधेश्याम ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

कार्यक्रम में अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महामंत्री विनोद हर्ष सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान रात्रि विश्राम, भोजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

आयोजन के सफल संचालन में मंडल एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।


अन्य पोस्ट