सरगुजा

‘कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ का शुभारंभ
01-Apr-2026 10:42 PM
‘कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 1 अप्रैल। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषण और एनीमिया की दरों में कमी लाने के उद्देश्य से ‘कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ की शुरुआत जिले में की गई। अभियान का शुभारंभ बुधवार को अंबिकापुर के ग्राम खैरवार परियोजना में हुआ।

इस अवसर पर कलेक्टर अजीत वसंत ने अतिरिक्त पोषण आहार की गुणवत्ता का नियमित परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में मिलेट बार का वितरण किया जाए तथा किसी भी स्थिति में एक्सपायरी के बाद खाद्य सामग्री का उपयोग न हो। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक आहार के साथ-साथ विभागीय पूरक पोषण आहार का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को मिलेट बार का वितरण भी किया गया।

जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया ने भी उपस्थित हितग्राहियों को एनीमिया एवं कुपोषण से मुक्ति के लिए नियमित पोषण आहार लेने के लिए प्रेरित किया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सरगुजा एवं बस्तर संभाग के 8 जिलों को शामिल किया गया है। पहले चरण में सरगुजा जिले के 5,498 गर्भवती महिलाओं एवं 5,281 कुपोषित बच्चों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें छह माह तक अतिरिक्त पोषण आहार प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य अनामिका पैकरा, सरपंच देवनाथ तिग्गा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट