सरगुजा

उन्नत कौशल प्रशिक्षण में युवाओं को उद्यमिता की दी जानकारी
01-Apr-2026 3:14 PM
उन्नत कौशल प्रशिक्षण में युवाओं को उद्यमिता की दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 1 अप्रैल। छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड द्वारा संचालित रैम्प योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन के सहयोग से जेएसएस नवापारा अंबिकापुर में दो दिवसीय उन्नत कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसे ज्ञान और नई शुरुआत का प्रतीक माना गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवा एवं उभरते उद्यमियों को विभिन्न शासकीय प्रोत्साहन योजनाओं, अनुदानों की जानकारी प्रदान करना तथा उनकी उद्यमिता क्षमता का विकास करना रहा।

दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसायिक इकाइयों के प्रकार, अनुबंध एवं कानूनी प्रलेखन, नवीन औद्योगिक नीति, विपणन रणनीतियां एवं व्यवसाय योजना निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों द्वारा किया गया।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में चेम्बर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल उपस्थित रहे। उनके साथ कैट के जिला उपाध्यक्ष पंकज गुप्ता, लाइवलीहुड कॉलेज अंबिकापुर के प्राचार्य गिरीश गुप्ता, पूर्व बीपीओ अशोक सिंह एवं सुजीत जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संसाधन व्यक्ति के रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट अभिषेक सिंह ने महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं जेएसएस के निदेशक एम. सिद्दीकी ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं एवं संभावित उद्यमियों ने भाग लिया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


अन्य पोस्ट