सरगुजा

पीजी कॉलेज में एम.लिब पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग, आजाद सेवा संघ ने लिखा पत्र
31-Mar-2026 10:58 PM
पीजी कॉलेज में एम.लिब पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग, आजाद सेवा संघ ने लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 31 मार्च। उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर आजाद सेवा संघ छत्तीसगढ़ ने अंबिकापुर स्थित राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एम.लिब (मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।

पत्र में बताया गया है कि सरगुजा संभाग का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र होने के बावजूद पीजी कॉलेज अंबिकापुर में वर्तमान में केवल बी.लिब (बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस) तक ही अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी यह पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए इच्छुक रहते हैं, लेकिन संभाग में कहीं भी एम.लिब कोर्स संचालित नहीं होने से उन्हें रायपुर, बिलासपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है।

संघ ने कहा कि दूरस्थ शहरों में पढ़ाई करना विद्यार्थियों के लिए आर्थिक रूप से महंगा साबित होता है। इसके साथ ही रहने-खाने और अन्य व्यवस्थाओं के कारण परिवारों पर अतिरिक्त बोझ भी पड़ता है। कई विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से बाहर नहीं जा पाते और उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।

रचित मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर जिलों के अनेक छात्र-छात्राएं पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा नहीं होने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 का हवाला देते हुए कहा कि नीति में स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। ऐसे में अंबिकापुर में एम.लिब पाठ्यक्रम प्रारंभ करना समय की आवश्यकता है।

आज़ाद सेवा संघ ने शासन से मांग की है कि आगामी शैक्षणिक सत्र से ही इस कोर्स को शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो विद्यार्थियों के हित में व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट