सरगुजा

आपसी विवाद में टांगी से वार, युवक की मौत, आरोपी गिरफ्तार
31-Mar-2026 10:20 PM
आपसी विवाद में टांगी से वार, युवक की मौत, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 31 मार्च। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान टांगी से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामसाय दिवान, निवासी करेसर पहाड़पारा (वर्तमान पता ग्राम पटोरा जोबलापारा) ने थाना लुण्ड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 मार्च की दोपहर वह अपने रिश्तेदार संजय को छोडऩे बुधसाय के घर गया था। इस दौरान बुधसाय और राकेश को अपनी मोटरसाइकिल में बैठाकर करेसर की ओर ले जा रहा था। रास्ते में बुधसाय अपने साथ टांगी भी रखा हुआ था।

बताया गया कि रास्ते में हैंडपंप के पास गाड़ी रोकने के दौरान मामूली बात को लेकर बुधसाय और राकेश के बीच विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर राकेश ने बुधसाय को धक्का दे दिया, जिससे नाराज होकर बुधसाय ने आवेश में आकर टांगी से राकेश के पैर पर गंभीर वार कर दिया। हमले के बाद राकेश जमीन पर गिर पड़ा।

घायल राकेश को तत्काल धौरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान राकेश की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान एवं अन्य साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान आरोपी बुधसाय उर्फ जीबलाल घासी ग्राम पटोरा करंजपारा थाना लुण्ड्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी, घटना के समय पहना गया फुलपैंट और जूता जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल सहित पुलिस टीम के अन्य जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।


अन्य पोस्ट