सरगुजा

मवेशी तस्करी, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार
29-Mar-2026 10:06 PM
 मवेशी तस्करी, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 29 मार्च। थाना गांधीनगर पुलिस ने पशु क्रूरता के एक मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मवेशी और एक पिकअप जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अमन प्रेम तिग्गा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 मार्च की रात लगभग 11 बजे सरगंवा वाटर पार्क के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन (क्रमांक यूपी 25 जेटी 2549) खड़ी थी। वाहन में सवार दो व्यक्ति पीछे पन्नी बांधकर कुछ छिपाने का प्रयास कर रहे थे। पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें चार भैंसों को ठूंस-ठूंस कर क्रूरतापूर्वक भरा गया था। आरोपियों ने पूछताछ में मवेशियों को बूचडख़ाने ले जाने की बात स्वीकार की।

प्रकरण में थाना गांधीनगर में कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक सहित आरोपी मुर्शीद उत्तरप्रदेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप सहित चार मवेशियों को जब्त किया।

कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिगको किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट