सरगुजा

भुगतान नहीं मिलने से नाराज ठेकेदार ने दी आत्मदाह की चेतावनी, उप अभियंता को नोटिस
28-Mar-2026 11:28 PM
भुगतान नहीं मिलने से नाराज ठेकेदार ने दी आत्मदाह की चेतावनी, उप अभियंता को नोटिस

65 लाख के काम में 22 लाख का ही भुगतान, कमीशन मांगने के आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 मार्च। सरगुजा जिले में जल जीवन मिशन के तहत कार्य करने वाले एक ठेकेदार द्वारा भुगतान नहीं मिलने से नाराज होकर आत्मदाह की चेतावनी देने का मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने जांच के निर्देश दिए हैं, वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) ने संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

जानकारी के अनुसार, पीएचई ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर बताया कि उन्होंने अंबिकापुर सब डिविजन में जल जीवन मिशन के तहत निर्माण कार्य एक वर्ष पूर्व ही पूरा कर लिया था, इसके बावजूद अब तक पूर्ण भुगतान नहीं किया गया है।

कमीशन मांगने का आरोप ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि करीब 65 लाख रुपये के कार्य के एवज में अब तक केवल 22 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। शेष राशि जारी करने के लिए विभाग के उप अभियंता पर कमीशन मांगने, बिल रोकने और मानसिक प्रताडऩा देने के आरोप लगाए गए हैं।

30 मार्च को आत्मदाह की चेतावनी ठेकेदार ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया, तो वह 30 मार्च को दोपहर 1 बजे पीएचई कार्यालय के सामने आत्मदाह करेगा।

काम पूरा, पानी सप्लाई भी शुरू ठेकेदार के अनुसार, लखनपुर विकासखंड के जुड़वानी क्षेत्र में पानी टंकी निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और नल कनेक्शन का कार्य पूरा किया जा चुका है। बीते 6 महीनों से पानी की आपूर्ति भी नियमित हो रही है, इसके बावजूद भुगतान रोका गया है।

विभाग ने शुरू की जांच मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ठेकेदार संघ ने किया प्रदर्शन मामले को लेकर शनिवार को ठेकेदार संघ ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यालय में प्रदर्शन किया और भुगतान की मांग करते हुए उप अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान ठेकेदार संघ ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यालय में जमकर नारेबाजी भी की।


अन्य पोस्ट