सरगुजा
30 तक सभी कमेटियों के गठन का लक्ष्य, संगठन सृजन अभियान को तेज करने पर जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 28 मार्च। संगठन सृजन अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अम्बिकापुर के रघुनाथ मंडल में वार्ड एवं बूथ कमेटियों के गठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल प्रभारी आदित्येश्वर शरण सिंहदेव की उपस्थिति में रामानुज वार्ड सहित मतदान केंद्र क्रमांक 155 एवं 157 के बूथ कमेटियों का गठन किया गया।
रामानुज वार्ड की पूर्व पार्षद पूर्णिमा सिंह को वार्ड कमेटी का अध्यक्ष चुना गया। वहीं, एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत बूथ क्रमांक 157 के अनुभाग पैलेस पारा के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को अनुभाग प्रभारी नियुक्त किया गया।
बताया गया कि अम्बिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत कुल 10 मंडल गठित किए गए हैं, जिनमें रघुनाथ मंडल के अंतर्गत 14 मतदान केंद्र और 4 वार्ड शामिल हैं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 30 मार्च तक सभी बूथ एवं वार्ड स्तर पर कमेटियों का गठन पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत अम्बिकापुर शहर के 140 बूथों पर बूथ व वार्ड कमेटियों तथा अनुभाग प्रभारियों के रूप में लगभग साढ़े तीन हजार जमीनी कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
होटल मधुबन में आयोजित इस बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, रघुनाथ मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह, प्रशांत सिंह चीकू, शैलेंद्र प्रताप सिंह, अनूप मेहता, जमील खान, जीवन यादव, राकेश सिन्हा, देवा चौहान, दिनेश कुमार शर्मा, मेघा खांडेकर, आरती महंत, तृप्तराज सिंह धंजल, उपस्थित रहे।