सरगुजा

पेट्रोल-डीजल राहत के दावे भ्रामक, आम जनता को नहीं मिला फायदा-कांग्रेस
28-Mar-2026 11:04 PM
पेट्रोल-डीजल राहत के दावे भ्रामक, आम जनता को नहीं मिला फायदा-कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 28 मार्च। पेट्रोल-डीजल को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे राहत के दावों पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। पार्टी ने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए कहा कि इसका जमीनी स्तर पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है और आम जनता को एक रुपये का भी लाभ नहीं मिल रहा, बल्कि तेल कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता आशीष वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री सहित पूरी भाजपा यह दावा कर रही है कि टैक्स कम करने से जनता को राहत मिलेगी, तो छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाकर लोगों को राहत क्यों नहीं दी जा रही है।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद आम जनता को इसका लाभ कभी नहीं दिया गया। वर्ष 2014 में पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी लगभग 9-10 रुपये प्रति लीटर थी, जिसे बढ़ाकर 30 रुपये प्रति लीटर से अधिक कर दिया गया। इस दौरान कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से गिरकर कई बार 30-40 डॉलर तक पहुंची, लेकिन कीमतों में कमी करने के बजाय टैक्स बढ़ाकर जनता से वसूली की गई।

प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में पेट्रोलियम उत्पादों पर कर के जरिए करीब 39 लाख करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व जुटाया, लेकिन इसका लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंचा।

उन्होंने सवाल उठाया कि इस ‘मुनाफाखोरी’ का फायदा आखिर किसे मिला।

कांग्रेस के अनुसार तेल कंपनियां लगातार मुनाफे में रही हैं, लेकिन ऐसा माहौल बनाया जा रहा है मानो उन्हें बचाने के लिए ही टैक्स नीति तय की जा रही हो।

राज्य में वैट दरों की तुलना करते हुए कांग्रेस ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल पर 24 प्रतिशत वैट के साथ 1 रुपये प्रति लीटर सेस वसूला जा रहा है, जबकि पड़ोसी उत्तर प्रदेश में यह दर करीब 19.36 प्रतिशत है। इससे स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ की जनता पर अधिक टैक्स का बोझ डाला जा रहा है।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब अन्य राज्य कम वैट लेकर जनता को राहत दे सकते हैं, तो छत्तीसगढ़ सरकार ऐसा क्यों नहीं कर रही।


अन्य पोस्ट