सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 मार्च। सेंट्रल जेल अंबिकापुर में एक सजायाफ्ता कैदी को विशेष सुविधा दिए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए जेल प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात दो प्रहरियों को निलंबित कर दिया है। घटना के बाद जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मनेद्रगढ़ जेल से ट्रांसफर होकर सेंट्रल जेल अंबिकापुर पहुंचे एक कैदी को जेल चिकित्सक द्वारा गंभीर बीमारी का प्रमाण पत्र जारी किया गया, जिसके आधार पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया। इसके बाद जेल प्रशासन ने कैदी के परिजनों को अटेंडेंट के रूप में लगातार उसके साथ रहने और आने-जाने की अनुमति दे दी।
आरोप है कि इस छूट का दुरुपयोग करते हुए कैदी के परिजन जेल वार्ड में मनमाफिक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे थे। परिजनों की बेरोकटोक आवाजाही के साथ मोबाइल का उपयोग, घर का खाना और मिनरल वाटर तक कैदी को उपलब्ध कराया जा रहा था, जो जेल नियमों के विपरीत है।
मामले की शिकायत मिलने पर जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित जेल वार्ड का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वार्ड का ताला खुला मिला और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।
कार्रवाई करते हुए जेल अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात प्रहरी जयप्रकाश कुजूर और लोकनाथ निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही कैदी के परिजनों को अटेंडेंट के रूप में दी गई अनुमति भी निरस्त कर दी गई है।
जेल प्रशासन का कहना है कि मामले की आगे भी जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।