सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 27 मार्च। रामनवमी के अवसर पर अष्टमी के दिन नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। दुर्गा मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा में हज़ारों श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे नगर क्षेत्र को भगवा ध्वज से सजाया गया। नगर के गणमान्य लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान के साथ शिव पार्वती की झाँकियों का दर्शन का लाभ लिया।
महाकाल के वेश में सजे कलाकारों ने भस्म होली खेली। अघोरियों की टोली ने तांडव किया। शोभायात्रा के दौरान नगरवासियों के द्वारा जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई थी।
शोभायात्रा नगर भ्रमण कर महामाया मंदिर पहुँची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अटल परिसर में भंडारे के प्रसाद का वितरण किया गया, जहाँ हज़ारों की संख्या में लोगों ने प्रसाद प्राप्त किया।
शोभायात्रा में नगर सहित आसपास के क्षेत्र के महिला पुरूष और नवयुवक काफ़ी संख्या में शामिल रहे।