सरगुजा

96 बरस पुराने राम मंदिर में पूजा, राजपरिवार ने किया प्रकटोत्सव का शुभारंभ
27-Mar-2026 11:11 PM
96 बरस पुराने राम मंदिर में पूजा, राजपरिवार ने किया प्रकटोत्सव का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 27 मार्च। शहर के 96 वर्ष पुराने प्रभु श्री राम मंदिर में रामनवमी का पर्व परंपरा अनुसार पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरगुजा राजपरिवार के मानद युवराज आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने प्रथम पूजा संपन्न कर दोपहर ठीक 12 बजे मंदिर के गर्भगृह का पट खोलते हुए प्रकटोत्सव की शुरुआत की।

जानकारी के अनुसार वर्ष 1930 में पूर्व महाराज स्वर्गीय मदनेश्वर शरण सिंहदेव के जन्म अवसर पर तत्कालीन सरगुजा रियासत के महाराज स्वर्गीय रामानुज शरण सिंहदेव द्वारा इस मंदिर का निर्माण कराया गया था। बाद में 90 के दशक में अमरकंटक के कल्याण बाबा के अनुरोध पर पूर्व महाराज स्वर्गीय मदनेश्वर शरण सिंहदेव एवं महारानी स्वर्गीय देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव ने मंदिर को कल्याण आश्रम को दान कर दिया था। महारानी देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव आजीवन मंदिर ट्रस्ट की ट्रस्टी रहीं।

रामनवमी पर इस प्राचीन मंदिर में यह परंपरा रही है कि सरगुजा राजपरिवार या उनके प्रतिनिधि द्वारा प्रथम पूजा की जाती है और गर्भगृह का पट खोला जाता है। पूजा के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए युवराज आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने सभी नागरिकों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि रियासतकाल से राजपरिवार की पारंपरिक आस्था सनातन धर्म में रही है, किंतु परिवार सर्वधर्म सद्भाव की नीति पर भी विश्वास करता है। साथ ही सरगुजा की आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को भी पूजा पद्धति में समाहित किया जाता है। उन्होंने कहा कि रामनवमी हो या नवरात्रि, राजपरिवार अपनी परंपराओं के निर्वहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

पूजा उपरांत राजपरिवार की ओर से मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे का भी शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, मधु दीक्षित, विनीत विशाल जायसवाल, जीवन यादव, अमित तिवारी (राजा), गुरुप्रीत सिद्धू, नरेन्द्र विश्वकर्मा, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, अमित सिन्हा, नीतीश चौरसिया, उत्तम राजवाड़े, शुभम जायसवाल, शुभेन्दु घोष, संजर नवाज, आयुष सिन्हा, आकाश यादव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट