सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 26 मार्च। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटिंदा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन गबन के मामले में पुलिस ने सरपंच पति सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह कंवर की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार 23 फरवरी को ग्रामीणों की शिकायत पर खाद्य निरीक्षक ग्राम कटिंदा पहुंचे थे। यहां संचालित उचित मूल्य दुकान का संचालन गणेश स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि समूह के नाम पर दुकान का संचालन सरपंच पति कुदरत बहाल सिंह द्वारा किया जा रहा है और राशन वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है।
जांच के दौरान 380.53 क्विंटल चावल, 12.95 क्विंटल शक्कर, 5.5 क्विंटल चना एवं 23.64 क्विंटल नमक सहित कुल 15 लाख 72 हजार 32 रुपए मूल्य के राशन के गबन की पुष्टि हुई।
खाद्य निरीक्षक की रिपोर्ट पर लखनपुर पुलिस ने सरपंच पति कुदरत बहाल सिंह, समूह अध्यक्ष कविता सिंह एवं उपाध्यक्ष दिलसाय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(3)(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
मामले में आम आदमी पार्टी एवं ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।