सरगुजा

शादी की जिद, 40 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक हंगामा, उतरते ही गिरफ्तार
25-Mar-2026 8:56 PM
शादी की जिद, 40 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक हंगामा, उतरते ही गिरफ्तार

अंबिकापुर, 25 मार्च। पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब चार घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा। घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र की है, जहां युवक ने मांग पूरी नहीं होने पर टावर से कूदने की धमकी दी। काफी समझाइश के बाद वह नीचे उतरा, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, लुंड्रा के छीरोपारा निवासी योगेश यादव मंगलवार की सुबह करीब 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने घोषणा की कि यदि उसकी शादी मनपसंद युवती से नहीं कराई गई तो वह नीचे कूद जाएगा।

सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लंबे समय तक टावर से उतरने को तैयार नहीं हुआ। करीब चार घंटे बाद परिजनों द्वारा उसे समझाने और आश्वासन देने पर युवक नीचे उतर आया।

बताया जा रहा है कि युवक गांव की ही एक युवती से शादी करना चाहता था, जबकि युवती ने इस संबंध से इनकार करते हुए युवक पर बेवजह परेशान करने और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इस संबंध में युवती ने थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।

घटना के दौरान टावर के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

लुंड्रा थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि युवती की शिकायत पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। टावर से उतरने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट