सरगुजा
‘ग्लोरी ऑफ एक्सीलेंस अवार्ड’ से नवाजे गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 मार्च। सरगुजा के जाने-माने अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. डी.के. सोनी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित म्यांमार एंबेसी में आयोजित एशियन इंडिया बिजनेस मीट 2026 के दौरान उन्हें ‘ग्लोरी ऑफ एक्सीलेंस अवार्ड 2026’ प्रदान किया गया। यह सम्मान केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले एवं म्यांमार के राजदूत के करकमलों से दिया गया।
कार्यक्रम में सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, कंबोडिया, इंडोनेशिया, फिलीपींस, ब्रुनेई और वियतनाम सहित दस देशों के राजनयिकों की उपस्थिति रही। यह आयोजन मैत्री पीस फाउंडेशन द्वारा 13 मार्च 2026 को किया गया था।
डॉ. सोनी को यह सम्मान सूचना के अधिकार और जनहित याचिकाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। पिछले दो दशकों से सक्रिय डॉ. सोनी ने 4800 से अधिक आरटीआई आवेदन दायर किए हैं तथा 18 से अधिक जनहित याचिकाएं प्रस्तुत की हैं, जिनमें सुप्रीम कोर्ट में दायर तीन महत्वपूर्ण मामले भी शामिल हैं।
वे सामाजिक न्याय के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। आदिवासी समुदाय, मजदूर वर्ग और वंचित तबकों के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने नि:शुल्क कानूनी सहायता प्रदान की है। उनके प्रयासों से मनरेगा में अनियमितताओं का खुलासा, वन संरक्षण के अभियान और भूमि अधिकार से जुड़े मामलों में उल्लेखनीय कार्य सामने आए हैं। डॉ. सोनी को अब तक 49 पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। उनके जीवन और कार्यों पर आधारित हिंदी फिल्म ‘डीके’ भी जल्द रिलीज होने वाली है।
इस सम्मान पर क्षेत्र के अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने खुशी जताई है। डॉ. सोनी ने कहा कि यह सम्मान उन्हें जनहित और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में और अधिक सक्रियता से कार्य करने की प्रेरणा देता है।