सरगुजा

संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत के बाद संचालन समिति भंग, सुरक्षा व्यवस्था सख्त
23-Mar-2026 10:09 PM
संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत के बाद संचालन समिति  भंग, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 मार्च। अंबिकापुर स्थित संजय पार्क में 15 हिरणों की दर्दनाक मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शंकरघाट वन सुरक्षा समिति को भंग कर दिया है। साथ ही पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फेंसिंग और शीट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है तथा अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

मामले में लापरवाही सामने आने पर डिप्टी रेंजर समेत चार कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। सीसीएफ दिलराज प्रभाकर द्वारा की गई इस कार्रवाई के तहत संबंधित कर्मचारियों पर गाज गिरी है, वहीं रेंजर अक्षपलक ऋषि को नोटिस जारी किया गया है। डीएफओ अभिषेक जोगावत ने भी एक महिला वनरक्षक को निलंबित किया है।

बताया जा रहा है कि 20 मार्च की रात आवारा कुत्तों का झुंड पार्क में घुस गया और हिरणों के बाड़े में हमला कर 14 हिरणों को मार डाला। एक अन्य हिरण की मौत अगले दिन हो गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 15 पहुंच गई। वन विभाग ने प्रारंभ में 14 हिरणों का पोस्टमार्टम कर उनके शवों का अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन एक और हिरण की मौत के बाद मामला उजागर हुआ।

घटना के बाद पार्क में वन्यजीवों को अवैध रूप से रखे जाने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। विभाग ने अब संजय पार्क को रेस्क्यू सेंटर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है।

वर्ष 1980 में विकसित इस पार्क का संचालन पिछले करीब दो दशकों से शंकरघाट वन सुरक्षा समिति द्वारा किया जा रहा था, जिसे अब भंग कर दिया गया है। डीएफओ ने बताया कि समिति का पुनर्गठन किया जाएगा।

संजय पार्क में रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। यहां हिरण, नीलगाय, मोर सहित कई वन्यजीव आकर्षण का केंद्र हैं। पार्क से हर माह करीब दो लाख रुपये की आय होती है, जिससे कर्मचारियों का भुगतान किया जाता है।

वन विभाग के अनुसार दिन में चार वनकर्मी तैनात रहते थे, जबकि रात में समिति के सदस्य सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालते थे। घटना के बाद रात्रि चौकीदार को भी हटा दिया गया है। पार्क में मुख्य गेट के अलावा अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं होने से भी सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


अन्य पोस्ट